
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना अंतर्गत मरीन ड्राइव स्थित एक्सएलआरआई गोलचक्कर के पास शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. हाता से पटना जा रहा स्टील (आयरन स्पंज) से लदा 10 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गलत दिशा से आ रही दो बाइकों को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक तेज ब्रेक लगाया, जिससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलट गया.
हादसे के तुरंत बाद दोनों बाइक सवार मौके से फरार हो गए. ट्रक में लदा आयरन स्पंज बिहार के पटना भेजा जा रहा था. दुर्घटना के बाद परिवहन कार्य बाधित न हो, इसके लिए स्थानीय लोगों की मदद से पलटे ट्रक से सामान निकालकर दूसरे वाहन में लोड किया गया. हादसे में चालक को हल्की चोटें आईं.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना सुबह हुई, लेकिन पुलिस लगभग 11 बजे पहुंची, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं. गौरतलब है कि मरीन ड्राइव–एक्सएलआरआई गोलचक्कर क्षेत्र में पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. नागरिकों ने यहां ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई.

