
उदित वाणी, चाईबासा : चक्रधरपुर रेल मंडल के चाईबासा-डंगुवापोसी रेलमार्ग पर आज हाथियों का झुंड अचानक रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया. इस घटना से इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन करीब घंटों ठप हो गया.
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, हाथी जंगल से निकलकर ट्रैक पर विचरण करने लगे और काफी देर तक आसपास घूमते रहे. झुंड ने ट्रैक को पार भी किया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. जैसे ही हाथी जंगल की ओर लौटे, ट्रेन सेवाएं सामान्य हो सकीं.
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए इस क्षेत्र में ट्रेनों की गति कम करने और विशेष निगरानी रखने के निर्देश जारी किए हैं. साथ ही, ट्रैक के निकट हाथियों की मौजूदगी की सूचना वन विभाग को दे दी गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल क्षेत्र होने से ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं, इसलिए रेलवे और वन विभाग को समन्वित प्रयास करने चाहिए.

