उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (टीएसएएफ) रोइंग अकादमी के रोअर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता में कुल 5 पदक जीते. 25 से 30 मई 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने इंडोर और आउटडोर दोनों स्पर्धाओं में उत्कृष्ट परिणाम दिए. इंडोर रोइंग (एर्गो) स्पर्धाओं में श्रेया कुमारी ने जूनियर गर्ल्स वर्ग में स्वर्ण पदक जीता.
सुकलाल टुडू ने सीनियर बॉयज वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया. आउटडोर स्पर्धाओं में सुकलाल टुडू और प्रदीप कुमार महतो की जोड़ी ने सीनियर बॉयज डबल स्कल इवेंट में स्वर्ण पदक जीता. श्रेया कुमारी और श्वेता ने जूनियर गर्ल्स डबल स्कल में रजत पदक प्राप्त किया. मिमांशा, चित्रा, अव्या और मुस्कान की टीम ने जूनियर गर्ल्स कॉक्सलेस फोर इवेंट में कांस्य पदक जीता.
टीएसएएफ रोइंग अकादमी के इन उपलब्धियों से खिलाड़ियों, कोचेस और सपोर्ट स्टाफ की मेहनत और समर्पण साफ दिखाई देता है. जेसीएपीसीपीएल, जो टीएसएएफ रोइंग अकादमी का स्पोर्ट्स डेवलपमेंट पार्टनर है, के सहयोग से युवा प्रतिभाओं को निखारने का सकारात्मक प्रभाव भी इन परिणामों में दिख रहा है. अकादमी भविष्य में भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए युवा एथलीट्स को प्रशिक्षण और बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है.


