
उदित वाणी, पोटका : प्रखंड के मानपुर के बाद डायरिया ने धिरौल गांव में पांव पसारना शुरू किया है. डायरिया जोन के नाम से प्रचारित धिरौल गांव में इस वर्ष भी लगभग एक दर्जन लोग गुरुवार तक डायरिया की चपेट में आ चुके हैं. डायरिया से पीड़ित गांव की महिला मंजुला बारीक, छोटकू बारीक उज्जवल प्रमाणिक तीन लोगों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोटका में इलाज चल रहा है. इस गांव के ही एक बच्चा समेत दो लोगों का नर्सिंग होम में इलाज किया जा रहा है.
गांव में अभी डायरिया संक्रमित मरीज होने की सूचना प्राप्त हो रही है. संभवतः वर्षा के कारण डायरिया का प्रभाव बढ़ने लगा है. प्रभारी डॉ रजनी महाकुड़ ने कहा कि धिरौल में डायरिया की सूचना प्राप्त हुई है. गांव में कैंप लगाकर इलाज किया जा रहा हैं. पीड़ित का सैंपल लिया जा रहा हैं ताकि डायरिया को नियंत्रित किया जा सके. रोकथाम हेतु गांव में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया जा रहा है.

