उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील सिक्योरिटी की सतर्कता ने एक बार फिर कंपनी की संपत्तियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत साबित किया है. देर रात चलाए गए विशेष एंटी-थेफ्ट अभियान में सिक्योरिटी टीम ने चोरी के गैर-लौह धातु के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया. आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में कॉपर और ब्रास बरामद किया गया है, जिसकी कुल कीमत 44 हजार रुपये से अधिक बतायी जा रही है.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 2:14 बजे टाटा स्टील सिक्योरिटी विभाग को कंपनी क्षेत्र में धातु चोरी की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही सिक्योरिटी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के इलाके में घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया. इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक युवक को पकड़ लिया गया. पूछताछ में उसकी पहचान आदित्यपुर स्थित पार्वती घाट निवासी 20 वर्षीय किशन सरदार के रूप में हुई.
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 27 किलो कॉपर बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16,200 रुपये आंकी गयी है. इसके अलावा 62 किलो ब्रास भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 27,900 रुपये बतायी गयी. बरामद धातुओं की कुल कीमत करीब 44,100 रुपये है.
कार्रवाई के बाद आरोपी का मेडिकल जांच कराया गया और फिर उसे आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए बिष्टुपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है. टाटा स्टील सिक्योरिटी की इस कार्रवाई को कंपनी परिसंपत्तियों की सुरक्षा के प्रति टीम की मुस्तैदी और सक्रिय निगरानी का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है.


