उदित वाणी, गम्हरिया: टाटा आदित्यपुर कॉम्प्लेक्स गम्हरिया स्थित विद्या ज्योति स्पोर्ट्स ग्राउंड में बच्चों के लिए आयोजित 16 दिवसीय समर कैंप का आज भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ। इस समर कैंप का आयोजन टाटा स्टील ग्रोथ शॉप एवं टाटा स्टील स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट के संयुक्त तत्वावधान में बच्चों के सर्वांगीण विकास और खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था।
यह पूरा कार्यक्रम मुख्य मानव संसाधन प्रबंधक (इंजीनियरिंग एंड प्रोजेक्ट) राशिद जाफरी एवं मुकुल विनायक चौधरी के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। 16 दिनों तक चले इस कैंप में बच्चों ने खेलकूद और विभिन्न विधाओं का उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण लिया।
राकेश्वर पाण्डेय रहे मुख्य अतिथि, यूनियन और प्रबंधन के पदाधिकारी हुए शामिल
समापन समारोह में टिस्को मजदूर यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में पंचम प्राण लाल टंक और महामंत्री शिवलखन सिंह ने शिरकत की। इसके अलावा, समारोह में सम्मानित अतिथि के रूप में प्रमोद कुमार, मैनेजर स्पोर्ट्स संजय कुमार मिश्रा और भी विशेष रूप से महेंद्र उपस्थित थे।
इस अवसर पर अतिथियों ने समर कैंप का हिस्सा बने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और खेल के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम के दौरान टिस्को मजदूर यूनियन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कमेटी मेंबर भी बच्चों की हौसलाअफजाई के लिए मौजूद रहे।
आयोजन समिति और एडमिन टीम का रहा महत्वपूर्ण योगदान
इस 16 दिवसीय समर कैंप को जमीनी स्तर पर सफल बनाने में अवध किशोर पाण्डेय जी और एडमिन टीम के उदय शंकर पाठक, संजय कुमार एवं विकास बर्मा का अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय योगदान रहा। टीम के अथक प्रयासों की बदौलत बच्चों के लिए खेल और प्रशिक्षण की सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की गईं।


