उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वॉर्ड संख्या-18 अंतर्गत रिवर व्यू कॉलोनी में डीप बोरिंग की चहारदीवारी के निर्माण कार्य में अनियमितता बरते जाने की बात सामने आयी है. चहारदीवारी के निर्माण में घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किए जाने से नाराज स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य बन्द करा दिया. बस्तीवासियों द्वारा नगर निगम प्रशासन से उक्त स्थान पर किए जा रहे घटिया निर्माण की उच्च स्तरीय जाँच कराने की माँग की है.
जानकारी के अनुसार, नगर निगम के द्वारा उक्त स्थान पर डीप बोरिंग के साथ पानी टंकी के लिए चहारदीवारी का निर्माण कार्य कराया रहा है. परन्तु निर्माण कार्य में बालू-सीमेंट की मात्रा काफी कम है. चहारदीवारी निर्माण के लिए बनाया गया बिम भी काफी कमजोर प्रतीत हो रहा है. बस्तीवासियों के अनुसार, संबंधित क्षेत्र बाढ़ प्रभावित है. और अगर गुणवत्तायुक्त निर्माण नहीं हुआ, तो वैसी स्थिति में समस्या बस्ती के लोगों की हीं होगी.
इस संबंध में नगर निगम के पूर्व पार्षद रंजन सिंह ने बताया कि दो दिन पूर्व बस्ती के लोगों ने डीप बोरिंग के साथ कराए जा रहे चहारदीवारी के निर्माण में घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग करने की शिकायत की थी. इसके बाद कार्यपालक अभियंता पंकज झा से बात की गई, तो उन्होंने टीम को भेजकर स्थल निरीक्षण कराने की बात कही. पूर्व पार्षद ने नगर निगम से मामले की जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की माँग भी की.


