उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज के पास स्थित सोरेन वरायटी स्टोर में चोरी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। जानकारी के अनुसार, दो युवकों ने दुकान की एसबेस्टस की छत काटकर चोरी को अंजाम दिया। घटना में करीब 20 से 25 हजार रुपये मूल्य के सामान चोरी होने की आशंका जताई जा रही है।
लोगों ने आरोपी को पकड़ा
घटना के दौरान स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक आरोपी पकड़ा गया। भीड़ ने उसे मौके पर ही दबोच लिया और पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान बागबेड़ा बजरंग टेकरी निवासी संजय साहु के रूप में की गई है। हालांकि उसका साथी, बागबेड़ा का ही रहने वाला नोगो, अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा।
पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज
इस चोरी के मामले में करनडीह के कीनूडीह निवासी वासु सोरेन ने परसुडीह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने तेज की फरार आरोपी की तलाश
परसुडीह थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा।
इलाके में बढ़ रही चोरी से लोग चिंतित
स्थानीय लोगों ने कहा कि परसुडीह और आसपास के इलाकों में हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। इससे दुकानदारों और आम लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पुलिस को रात्रि गश्ती बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है। वहीं पुलिस का दावा है कि इस घटना के आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर रोक लग सके।


