उदित वाणी जमशेदपुर:: दक्षिण पूर्व रेलवे ने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए कई स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है। रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार टाटानगर, रांची और हावड़ा से दिल्ली एवं आनंद विहार के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इससे झारखंड और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को त्योहार और अवकाश के दौरान काफी सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 08183 टाटानगर-आनंद विहार स्पेशल 23 मई 2026 को टाटानगर से रात 12:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 3:30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में 08184 आनंद विहार-टाटानगर स्पेशल 25 मई को रात 1:45 बजे खुलेगी और अगले दिन टाटानगर पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव मुरी और बोकारो स्टील सिटी में होगा।
इसी तरह 08639 रांची-दिल्ली स्पेशल 23 मई को सुबह 3:30 बजे रांची से रवाना होकर अगले दिन दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में 08640 दिल्ली-रांची स्पेशल 25 मई को दिल्ली से चलेगी। इस ट्रेन का ठहराव लोहरदगा में निर्धारित किया गया है।
वहीं 08057 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल 22 मई को हावड़ा से रवाना होगी, जबकि 08058 नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल 25 मई को नई दिल्ली से चलेगी। इस ट्रेन का ठहराव खड़गपुर, बांकुड़ा, आद्रा, भोजूडीह और महुदा स्टेशनों पर होगा। रेल प्रशासन ने बताया कि इन स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग जल्द शुरू की जाएगी। यात्रियों से सुरक्षित और जिम्मेदार यात्रा करने की अपील की गई है।


