
25 तक फिर से आवेदन करने का मौका, भरना होगा गूगल फॉर्म
उदित वाणी, जमशेदपुरः कोल्हान विश्वविद्यालय की ओर से अबतक हजारों विद्यार्थियों को दीक्षांत समारोह की फीस रिफंड नहीं की जा सकी है. इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों द्वारा इंटरनेट कैफे से दीक्षांत की फीस कटवाने को तकनीकी समस्या का कारण बताया है. बैंक खाते का डिटेल नहीं होने के कारण रकम छात्रों को वापस नहीं की जा पा रही है.
इसलिए अब कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से शनिवार को एक अधिसूचना जारी की गई जिसमें वैसे विद्यार्थी जिन्होंने दीक्षांत समारोह के लिए शुल्क जमा किया था, उन विद्यार्थियों का शुल्क वापस नहीं हुआ है तो वे दोबारा आवेदन कर सकते हैं. विश्वविद्यालय ने दोबारा आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 जुलाई निर्धारित की है.
कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. जयंत शेखर ने बताया कि कोल्हान विश्वविद्यालय चाईबासा द्वारा आयोजित पंचम दीक्षांत समारोह के लिए भुगतान किए गए शुल्क को वापस करने हेतु अनेक छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था. जिनमें से कुछ के शुल्क वापस किये जा चुके हैं.
शेष वैसे छात्र जिन्होंने इन्टरनेट कैफे से शुल्क का भुगतान किया है, उन्हें भुगतान हेतु एक ई-मेल विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराया गया था. जिसमें उन्हें शुल्क वापस प्राप्त करने हेतु आवश्यक सूचना उपलब्ध कराने को कहा गया था. लेकिन कुछ छात्रों द्वारा आवश्यक सूचना स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं कराये जाने के कारण उनका शुल्क वापस नहीं किया जा सका है.
वैसे छात्र जिनके फॉर्म नंबर तथा ट्रांजेक्शन संलग्न सूची में उपलब्ध है वे नीचे गूगल फार्म में अपनी सूचना 25 जुलाई तक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें जिससे यथा शीघ्र उनका शुल्क वापस किया जा सके. लिंक विश्वविद्यालय के अधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है.
मालूम हो कि कोल्हान विश्वविद्यालय द्वारा पंचम दीक्षांत समारोह में सभी विद्यार्थियों से शुल्क लिया गया था. लेकिन समारोह आयोजित नहीं किया गया. सिर्फ गोल्ड मेडलिस्ट को ही एक हॉल में सम्मानित किया था. जिसके बाद छात्र प्रतिनिधियों ने आंदोलन किया कि सामान्य डिग्रीधारियों से जो पैसा लिया गया है.
उसे वापस किया जाए अन्यथा समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया जाए. विद्यार्थियों के विरोध के बाद विश्वविद्यालय ने निर्णय लिया कि दीक्षांत समारोह के लिए शुल्क देने वाले सभी विद्यार्थियों का शुल्क वापस कर दिया जाएगा.

