उदित वाणी, रांची: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ बर्ष के कार्यकाल में देश में सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक क्षेत्र में काफी बदलाव आया है और किसी भी देश की प्रगति में इन तीन क्षेत्रों में बदलाव को ही महत्वपूर्ण माना जाता है.
केन्द्रीय सड़क, परिवहन, राजमार्ग एवं नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री जनरल वी के सिंह ने रांची प्रेस क्लब में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मोदी सरकार के 9 बर्षों की उपलब्धियों के आंकड़े पेश करते हुए उक्त बातें कही. उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक आर्थिक शक्ति बनकर उभरा है.
वैश्विक महामारी के बावजूद देश 3.7 ट्रिलियन डॉलर के साथ दुनिया की 5 वीं अर्थव्यवस्था बना है. भारत की अर्थव्यवस्था चीन व अमेरिका से भी ज्यादा तेज गति से बढ़ रही है.
पिछले 9 बर्षों में 162 देशों से भारत में 532 मिलियन डॉलर का रिकार्ड एफडीआई आया और देश के 31राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में निवेश हुआ. जिसका सीधा अर्थ है कि भारत पर दुनिया का भरोसा बढ़ा है. जनरल वी के सिंह ने कहा कि बर्ष 2070 तक दुनिया में सबसे युवा देश भारत होगा और बर्ष 2070 तक स्किल इंडिया मिशन के तहत भारत की युवा शक्ति दुनियां के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली है. पूरी दुनिया में भारत के स्किल्ड युवाओं की डिमांड होगी.
जिसके लिए कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्राथमिकता के तौर संचालित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि भविष्य भारत का है. उन्होंने कहा कि भारत आज रक्षा उपकरण का निर्यात कर रहा है.
यही नहीं मोदी सरकार के 9 बर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है. अपने पहले कार्यकाल से ही मोदी सरकार ने गरीब कल्याण को ही देश कल्याण का आधार बनाया. गरीबों के लिए बुनियादी ढांचा का निर्माण, 80 करोड़ गरीबों को खाद्य सुरक्षा, दिव्यांग जनों का सशक्तिकरण, 3 करोड़ से अधिक गरीबों को पक्का आवास उपलब्ध कराया गया है.
पीएम किसान योजना के तहत 11.39 करोड़ किसान लाभान्वित हुए. स्वच्छ भारत अभियान के तहत 11.72करोड़ शौचालय का निर्माण, 9.6करोड़ गैस सिलेंडर का वितरण, मातृत्व अवकाश में वृद्धि, तीन तलाक कानून की समाप्ति जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए.
जो महिलाओं की गरिमा, जीवन की सुगमता और उद्यमिता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण रहा. आयुष्मान योजना विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना बनी और 23.3 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड के माध्यम से 10.74करोड़ परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिली. 4.54 करोड़ लोगों का मुफ्त इलाज हुआ. देश में 23एम्स बने और 1 लाख 52 हजार 129 मेडिकल सीटें बढ़ी.
कोविड प्रबंधन ने दुनिया के समक्ष भारत की नई पहचान दी. केवल देश में 220 करोड़ मुफ्त खुराकें ही नही दी गई, बल्कि कई देशों को भारत ने मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध कराए. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार राष्ट्र प्रथम, विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा पर अटल है.
भारत की जी 20 बैठकों में समावेशी सतत हरित विकास एवं पर्यावरण के प्रति भारत के संकल्प को उजागर किया. रोजगार पर बोलते हुए जनरल ने कहा कि नौ बर्षों में 36 लाख करोड़ मुद्रा लोन दिए गए. जिसके माध्यम से 30लाख लोगों को रोजगार मिला. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में नया सवेरा आया और तेजी से विकास की मुख्य धारा से जुड़ा.
सिंह ने कहा कि भारत आज सांस्कृतिक विरासत को भी पुनर्स्थापित कर रहा है. राम मंदिर का निर्माण, महाकाल कॉरिडोर, काशी विश्वनाथ मंदिर का पुनरुद्धार जैसे महत्वपूर्ण कार्य इसकी गरिमा को बढ़ा रहा है.
जबकि धारा 370की समाप्ति ने भारत की राष्ट्रीय एकात्मता को मजबूत किया है. उन्होंने कहा कि नौ बर्षों के कार्य सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास का प्रमाण है. भाजपा सरकार तुष्टिकरण नहीं, बल्कि सशक्तिकरण पर भरोसा करती है. उन्होंने कहा कि जनता का अपने प्रधानमंत्री से अथाह प्रेम है और अटूट विश्वास है.
जनता जानती है कि प्रधानमंत्री मोदी के हाथों में देश हर तरह से सुरक्षित है. केंद्र सरकार गति के साथ प्रगति का मुकाम भी तय कर रही है. वहीं मीडिया संवाद के दूसरे सत्र में केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स संवाद को भी संबोधित किया.
जिसमें प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश, पार्टी विधायक दल के नेता सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम का संचालन प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी राहुल अवस्थी ने किया. कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री डा प्रदीप वर्मा, मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव अन्य मौजूद थे.



