
उदित वाणी,चांडिल: सरायकेला – खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने कांड संख्या 146/2025 में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2025 की रात वार्ड नंबर-21, हेस्टर फैक्ट्री के पास अपराधियों ने छिनतई की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान अपराधियों ने पीड़ित से मोबाइल, पर्स और अन्य सामान लूट लिया था तथा विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाकर घायल कर दिया था।
मामले में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि एक अन्य आरोपी फरार था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी राशिद उर्फ मोहम्मद राशिद (20) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर कांड में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (जेएच 05 डीएक्स 1765) भी बरामद की गई। उक्त मामले में शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार समेत पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल थे।

