
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी के एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कदमा क्षेत्र में कुछ युवक मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर कदमा पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर उसके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहेबगंज निवासी प्रिंस कुमार (21), रवि कुमार (19) तथा पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले के निवासी रितेश कुमार नोनिया (19) और तौसीफ शेख (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से कुल 9 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें से 5 मोबाइल पहले आरोपी से और शेष 4 मोबाइल उसके साथियों से बरामद किए गए।
एसएसपी पीयूष पांडे ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि ये युवक विभिन्न इलाकों में घूम-घूमकर मोबाइल चोरी करते थे। आने वाले दिनों में कदम में लगने वाले गणेश पूजा मेले में भी ये बड़ी वारदात करने की योजना बना रहे थे। लेकिन पुलिस की सक्रियता से इनके मंसूबे ध्वस्त हो गए। उन्होंने बताया कि फिलहाल चारों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी खंगाली जा रही है।
एसएसपी ने कहा कि मोबाइल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चला रही है। साथ ही, उन्होंने आम जनता से अपील की कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
कदमा थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस गिरफ्तारी के बाद उम्मीद है कि शहर में मोबाइल चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी और आम लोग कुछ हद तक राहत महसूस करेंगे।

