
उदित वाणी, जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर स्थित बिहारी बस्ती में बुधवार. की रात को पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट के बाद तीन राउंड फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में तीन युवक बाल-बाल बच गए, जबकि एक युवक घायल हो गया।
मामले को लेकर रामजनम नगर निवासी समीर नाग ने कदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, वह अपने मित्र सन्नी गुप्ता और विकास तांती के साथ मरीन ड्राइव हाईवे के नीचे स्थित शौचालय के समीप खड़ा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह युवक वहां पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर तीनों के साथ गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे समीर नाग के सिर पर गंभीर चोट लगी। वहीं, उसके दोनों साथी भी घायल हो गए।
समीर नाग ने आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद आसू कर्मकार नामक युवक ने जान से मारने की नीयत से तीन राउंड फायरिंग की। हालांकि, गोली किसी को नहीं लगी और तीनों युवक मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। इधर, शिकायत मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

