
उदित वाणी जमशेदपुर: जमशेदपुर ऑटो किराया बढ़ोतरी जमशेदपुर शहर में ऑटो से सफर करने वाले यात्रियों को कल यानी 12 जून से अपनी जेब अधिक ढीली करनी पड़ सकती है। शहर के विभिन्न रूटों पर ऑटो किराये में 5 रुपए तक की बढ़ोतरी की घोषणा की गई है।
शिक्षित बेरोजगार टेंपो चालक-संचालक संघ का फैसला
यह निर्णय शिक्षित बेरोजगार टेंपो चालक-संचालक संघ द्वारा लिया गया है। संघ ने इस संबंध में जिले के उपायुक्त को एक आधिकारिक पत्र भी सौंपा है, जिसमें संशोधित किराया लागू करने की पूरी जानकारी दी गई है। हालांकि, प्रशासन की अंतिम स्वीकृति के बाद ही इन बढ़ी हुई दरों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
2021 के बाद पहली बार क्यों बढ़ा किराया?
शिक्षित बेरोजगार टेंपो चालक-संचालक संघ का कहना है कि डीजल और सीएनजी की कीमतों में लगातार हुई वृद्धि, वाहनों का रखरखाव (मैंटेनेंस), स्पेयर पार्ट्स के बढ़ते दाम और अन्य परिचालन खर्चों के कारण अब पुराना किराया रखना संभव नहीं था। संघ के अनुसार, वर्ष 2021 के बाद यह पहली बार है जब ऑटो किराये में इस तरह का संशोधन किया गया है।
आम जनता और छात्रों के बजट पर पड़ेगा असर
किराया बढ़ने से जमशेदपुर के हजारों दैनिक यात्रियों, स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों और कामकाजी कर्मचारियों के मासिक बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

