उदित वाणी, जमशेदपुर : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एवं मॉर्निंग वॉकर्स फ्लाइंग डिस्क ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में 21 जून को सुबह 6 बजे से 7:30 बजे तक जुबिली पार्क स्थित जेएन टाटा स्टैच्यू के समक्ष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लेकर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए योगाभ्यास किया. इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय योग प्रशिक्षक रिद्धी मेहता ने योग प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित होकर प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया तथा नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला.
निरोगी काया के लिए जरूरी है योग
सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि योग, निरोगी काया के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा यह स्वस्थ जीवन का एक प्रभावी माध्यम है. उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में प्रत्येक व्यक्ति को योग और प्राणायाम को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए. योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को भी प्रसन्न, शांत एवं संतुलित बनाता है. उन्होंने कहा कि योग अच्छे जीवन जीने की एक कला है और यह भारत की प्राचीन धरोहर है, जिसे आज पूरे विश्व ने अपनाया है.
इसी के सम्मान में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है. कार्यक्रम में चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया के अलावा उपाध्यक्ष अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष हर्ष बाकरेवाल, पवन नरेडी, मुकेश मित्तल, प्रदीप अग्रवाल, मंटू अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल, संतोख सिंह तथा मॉर्निंग वॉकर्स ग्रुप की ओर से भवानीशंकर गुप्ता, पवन अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, संजय अग्रवाल, देवेंद्र सिंह, विशाल तिवारी, कमलेश अग्रवाल, नीना अग्रवाल एवं कमल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे.


