उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और स्कूटी बरामद की है. मामले में बागबेड़ा थाना कांड संख्या 49/26 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
जानकारी के अनुसार 21 जून की रात करीब 11:50 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि नागाडीह मैदान के समीप कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमीत कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापा मारा और दो संदिग्धों को धर दबोचा. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंगल टुडू उर्फ मंगल मांझी (46) निवासी माताचापुर उपर टोला, आदित्यपुर-2, सरायकेला-खरसावां तथा समरेश रविदास उर्फ मिथुन (34) निवासी केंदुआकुंगरी, थाना सुंदरनगर, पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है.
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक लोडेड देशी पिस्टल, 7.65 बोर के पांच जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा टीवीएस जुपिटर स्कूटी (संख्या जे एच 05डीवाई-0181) बरामद की. पुलिस का मानना है कि आरोपित किसी गंभीर अपराध की तैयारी में जुटे थे.
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि मंगल टुडू का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है. उसके खिलाफ हत्या, हत्या की साजिश, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों सहित एक दर्जन से अधिक केस विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं.
छापेमारी दल में बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश कुमार ठाकुर, एसआई संतोष कुमार, एसआई सुनील कुमार यादव, एसआई आशीष कुंद्रा, सशस्त्र बल एवं टाइगर मोबाइल के जवान शामिल थे. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा उनके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है.


