उदित वाणी जमशेदपुर: घाटशिला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय राजमिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुशीजुगनी गांव निवासी उत्तम पतर के रूप में हुई है। घटना घाटशिला अनुमंडल अस्पताल के सामने की है, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
बताया जाता है कि उत्तम पतर रात में घर का सामान खरीदने के लिए बाजार गए थे। सामान लेकर जब वह पैदल घर लौट रहे थे, तभी अस्पताल के सामने तेज गति से आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल उत्तम को तत्काल घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस भी अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।
एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात उत्तम पतर ने दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार वह पेशे से राजमिस्त्री थे और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।
शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घाटशिला थाना पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


