
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना में स्थित सभागार में आयोजित तीन दिवसीय कोल्हान क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कोल्हान आइजी मनोज कौशिक शामिल हुए, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर कोल्हान डीआइजी अनुरंजन किस्पोट्टा, जमशेदपुर एसएसपी, चाईबासा व सरायकेला के एसपी मौजूद रहे।
इस मौके पर तीन दिनों तक चले प्रतिस्पर्धात्मक कार्यक्रम में जमशेदपुर पुलिस टीम ओवरऑल चैंपियन रही। अतिथियों ने विजेता टीम को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं, अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को भी पुरस्कृत किया गया। आयोजन के दौरान कुल 10 तरह की श्रेणियों में 6 प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं, जिनमें पुलिसकर्मियों ने अपनी दक्षता, त्वरित निर्णय क्षमता और अनुसंधान कौशल का प्रदर्शन किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि आइजी मनोज कौशिक ने कहा कि अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए एक विशेष प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की दिशा में काम किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जो पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में पुलिस पदाधिकारियों को समय-समय पर विशेष प्रशिक्षण देना और तकनीकी ज्ञान से लैस करना आवश्यक है।
उन्होंने विशेष रूप से साइबर अपराध का जिक्र करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में अनुसंधान का दायरा बढ़ाना बेहद जरूरी है। साइबर क्राइम के मामलों में सतर्कता और त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। आइजी ने सभी प्रतिभागी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के उत्साह, मेहनत और प्रदर्शन की सराहना की।
कोल्हान क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट के सफल आयोजन ने न केवल पुलिस पदाधिकारियों के बीच प्रतिस्पर्धा और आत्मविश्वास बढ़ाया, बल्कि आपसी समन्वय और पेशेवर क्षमता को भी मजबूत किया।

