
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर को लगातार बढ़ती यातायात समस्या और जाम से राहत दिलाने के लिए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक अभियान की शुरुआत कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को ललित मीणा स्वयं विभिन्न प्रमुख मार्गों पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने साकची गोलचक्कर, बसंत टॉकीज चौक, सागर होटल क्षेत्र तथा गोलमुरी के उन संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया, जहां सड़क किनारे बेतरतीब वाहन खड़े किए जाने के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है।
निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी ने वाहन चालकों और दुकानदारों को सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वर्तमान में लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है, लेकिन यदि इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन जारी रहा तो आने वाले दिनों में दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सिटी एसपी ने बताया कि हाल ही में आयोजित दिशा समिति की बैठक में शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को गंभीरता से उठाया गया था। बैठक के बाद उपायुक्त के निर्देश पर शहर को जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत संशोधित वाहनों की जांच, काला शीशा लगे वाहनों पर कार्रवाई, सड़क किनारे अवैध पार्किंग हटाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के दौरान जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति की टीम भी सक्रिय दिखी। टीम ने सड़क पर गलत तरीके से टेंपो खड़ा करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक चालक से 200 रुपये का जुर्माना वसूला। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसे मामलों में और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस और प्रशासन की संयुक्त पहल का सकारात्मक असर साकची क्षेत्र में दिखाई देने लगा है। जिन स्थानों पर पहले दिनभर वाहनों की लंबी कतारें और जाम की समस्या बनी रहती थी, वहां अब यातायात अपेक्षाकृत सुचारू नजर आ रहा है। प्रशासन का दावा है कि आने वाले दिनों में अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा, ताकि अवैध पार्किंग और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर शहरवासियों को बेहतर यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।

