
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। मानगो बाजार टैंक रोड स्थित ‘कोलकाता ज्वेलर्स’ (Kolkata Jewelers Mango) को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर दुकान की छत की टीन काटकर अंदर दाखिल हुए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक तो उड़ा होश
कोलकाता ज्वेलर्स में चोरी की यह बड़ी घटना रविवार तड़के सामने आई। दुकान के संचालक जितेंद्र कुमार ने बताया कि वह शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे दुकान बंद कर अपने घर गए थे। रविवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि दुकान में बड़ी चोरी हो चुकी है, जिसके बाद तुरंत मानगो थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
टीन शेड काटकर घुसे चोर, 4 किलो चांदी और कैश गायब
चोरों ने दुकान के अंदर घुसने के लिए शातिराना तरीका अपनाया। वे दुकान की छत पर लगे टीन शेड की दो परतों को काटकर अंदर दाखिल हुए। दुकान संचालक जितेंद्र कुमार के अनुसार, चोर दुकान में रखे करीब 4 किलो चांदी के जेवरात और कैश बॉक्स में रखे लगभग 8 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
तिजोरी नहीं तोड़ पाए चोर, बच गए सोने के जेवरात
राहत की बात यह रही कि चोरों ने दुकान में रखी मुख्य तिजोरी को भी तोड़ने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे उसे काटने या खोलने में सफल नहीं हो सके। तिजोरी सुरक्षित रहने के कारण उसके अंदर रखे सोने के कीमती जेवरात चोरी होने से बच गए।
इलाके में दहशत, सीसीटीवी खंगाल रही मानगो पुलिस
इस बड़ी चोरी के बाद मानगो बाजार टैंक रोड इलाके के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस चोरों की पहचान करने और उनका सुराग लगाने के लिए दुकान और उसके आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

