उदित वाणी, आदित्यपुर : हरिओम नगर के जे एस टावर में पार्षद नीतू शर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुई स्थानीय लोगों की बैठक में आदित्यपुर नगर निगम के वॉर्ड संख्या-17 स्थित प्रभात पार्क की निविदा को रद्द कर पॉर्क को आम लोगों के लिए खोलने की मांग की गई. इससे पूर्व बैठक में प्रभात पॉर्क क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण, गंदगी और असामाजिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों पर चर्चा की गई. बैठक में बताया गया कि प्रभात पॉर्क को आम जनता के टहलने और बच्चों के मनोरंजन के लिए बनाया गया था.
परन्तु वर्तमान समय में पॉर्क के चारों तरफ अवैध दुकानों, चार पहिया वाहनों और पानी के ठेले वालों ने इस कदर कब्जा कर लिया है कि स्थानीय लोगों का वहाँ जाना मुश्किल हो गया है. वहां देर रात तक नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे वहाँ का माहौल पूरी तरह असुरक्षित हो चुका है. बेठक में स्थानीय लोगों ने बताया कि अवैध रूप से दुकान लगाने वाले और असामाजिक तत्व आम राहगीरों, महिलाओं और स्थानीय दुकानदारों के साथ आए दिन गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और मारपीट करते हैं. नगर निगम प्रशासन के द्वारा हाल हीं में प्रभात पॉर्क को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था. परन्तु कुछ दबंगों और दुकानदारों ने मिलीभगत कर फिर से पॉर्क के सामने अवैध कब्जा जमा लिया है.
बैठक में कहा गया कि वॉर्ड संख्या_17 की किसी भी आंतरिक समस्या में किसी दूसरे वॉर्ड के व्यक्ति या खास नेताओं के हस्तक्षेप को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. और अगर कोई बाहरी व्यक्ति कानूनी कार्यों में बाधा डालता है, तो उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बैठक में नगर निगम प्रशासन से प्रभात पॉर्क के मुख्य गेट और आस_पास के क्षेत्र से अवैध रूप से जमे दुकानों और ठेलों को जल्द से जल्द हटाने की मांग की गई. साथ हीं, नगर निगम प्रशासन से पार्क का रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था अपने हाथों में लेने की मांग की गई, ताकि आम जनता को एक स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके. इस अवसर पर रश्मि कुमारी सिंह, चंचल सरोज, राजमती प्रसाद, प्रिया कुमारी, महेश राम, एन.के. सिंह, प्रदीप प्रसाद आदि उपस्थित थे.

