उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो बस स्टैंड में सोमवार शाम करीब पांच बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चोरी के प्रयास के आरोप में पकड़े गए एक युवक ने नशे की हालत में खुद को चाकू से घायल कर लिया. घटना में युवक के शरीर पर कटने से वह लहूलुहान हो गया. बस कर्मचारियों की सूचना पर सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में भी युवक का व्यवहार असामान्य बना रहा. पुलिसकर्मियों ने उसका उपचार कराने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार हंगामा करता रहा और किसी के नियंत्रण में नहीं आ रहा था. इसी बीच गुटखा खाने का बहाना बनाकर वह अस्पताल परिसर से निकलकर मुख्य सड़क तक पहुंच गया. युवक के भागने की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसका पीछा किया.
काफी मशक्कत और स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे दोबारा पकड़ लिया गया. इसके बाद अस्पताल में उसका प्राथमिक उपचार कराया गया और फिर पुलिस उसे अपने साथ ले गई. पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवक नशे का आदी बताया जा रहा है तथा चोरी के मामलों में पूर्व में जेल भी जा चुका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.


