उदित वाणी जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के जीएम अनिल कुमार जैन ने कहा है कि रेल संचालन और कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे प्रशासन प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करेगा। वे गार्डनरीच स्थित दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय के जीएम सभागार में आयोजित ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ की वार्षिक क्षेत्रीय कार्यकारिणी बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में दक्षिण पूर्व रेलवे के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। संघ के महासचिव कृष्ण मोहन प्रसाद के नेतृत्व में कर्मचारियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखी गईं।
संघ की ओर से सुरक्षा विभागों में रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति, रेलवे अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, स्वास्थ्य जांच उपकरणों की आपूर्ति, लंबित टीए, ओटी एवं सीटीए भुगतान तथा जर्जर रेलवे क्वार्टरों की जगह आधुनिक मल्टी कॉम्प्लेक्स आवास निर्माण की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा रेलवे कॉलोनियों में शुद्ध पेयजल आपूर्ति, ओवरहेड टैंक निर्माण, रेलवे कर्मचारियों के लिए सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने तथा वास्तविक मीटर रीडिंग के आधार पर बिजली शुल्क काटने की मांग भी रखी गई।
बैठक में रनिंग कर्मचारियों की ड्यूटी अवधि अधिकतम नौ घंटे निर्धारित करने, ट्रेन पासिंग एवं टिकट चेकिंग स्टाफ को सुरक्षा व प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण देने तथा रेल इंजनों में एफएसडी और कवच प्रणाली लगाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी (आईआर) ने बैठक का संचालन किया। बैठक में प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक, प्रधान मुख्य अभियंता, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक, प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता समेत कई विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। वहीं संघ के अध्यक्ष पी वेंकट राव सहित विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों ने भी अपने सुझाव रखे।


