
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन की कार्यकारिणी की बैठक बुधवार को यूनियन कार्यालय में हुई. यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में कंपनी की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई. सबसे पहले अपने से बिछड़े हुए साथियों की याद में 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इसके बाद यूनियन के आय-व्यय एवं सावधि खातों की जानकारी कार्यकारिणी के सदस्यों के सामने रखी गई. बैठक में आय व्यय को सर्वसम्मति से पास किया गया. अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने इन मुद्दों पर प्रबंधन से बात करने को कहा.
मौके पर उपाध्यक्ष परविंदर सिंह, महामंत्री मनोज कुमार सिंह, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट साई बाबू राजू, वाइस प्रेसीडेंट वकील खान, जगजीत सिंह सहायक सचिव संजय कुमार, अमृत कुमार झा, निरंजन महापात्र, विनय कुमार साहू, कोषाध्यक्ष संग्राम किशोर दास, सह कोषाध्यक्ष सूर्यभूषण शर्मा, कार्यकारिणी के सदस्य मुन्ना खान, राकेश कुमार दिलबागी, सुशील कुमार दास, सुकेश कुमार मिश्रा, गजराज सिंह, कुंदन कुमार सिंह ,नवल किशोर सिंह, नवजोत सिंह सोहल, अनिल कुमार ,लोकनाथ पांडेय, पी रवि शंकर, अमरजीत सिंह, मिट्ठू दत्ता, अभयानन्द कुमार, अंकित कुमार सिंह, चंदन कुमार तिवारी उपस्थित थे.
कार्यकारिणी के सदस्यों ने इन मुद्दों को उठाया
1. कंपनी में सभी विभाग में मैनपावर की समस्या चल रही है, उसे जल्द से जल्द समाधान किया जाना चाहिए और टाटा स्टील लिमिटेड टिनप्लेट डिवीजन के अंतर्गत कर्मचारी पुत्रों की भर्ती होनी चाहिए.
2. 10 नंबर बस्ती में रह रहे कर्मचारियों को कंपनी के क्वार्टर की सुविधा मिलनी चाहिए.
3. टाटा स्टील लिमिटेड की तर्ज पर टिनप्लेट डिविजन का भी ग्रेड रिविज़न होना चाहिए.
4. डीए प्वाइंट रेट 4 प्रति प्वाइंट होना चाहिए.
5. सीआरएम तीन में प्रबंधन द्वारा मैनपावर की भर्ती शुरू कर देनी चाहिए और कर्मचारी पुत्रों को ही मौका मिलना चाहिए.
6. टिनप्लेट टाउनशिप में पहले प्रबंधन द्वारा जगह-जगह दवा का छिड़काव किया जाता था. साफ-सफाई की जाती थी लेकिन अब उसे छिड़काव के लिए जुस्को द्वारा पैसा चार्ज किया जाता है, जो नहीं करना चाहिए. यह सारी सुविधाएं कंपनी के कर्मचारियों को मुफ्त में मिलती थी.
7. टू व्हीलर की पार्किंग भी टाटा स्टील की तर्ज पर कंपनी के अंदर ही होनी चाहिए.
8. टाटा टेक्निकल सर्विसेज लिमिटेड में भर्ती नहीं करके, टिन प्लेट डिवीजन में टाटा स्टील लिमिटेड के अंतर्गत कर्मचारियों के बच्चों की नौकरी होनी चाहिए.
9. टिनप्लेट अस्पताल में भी कैंटीन की सुविधा होनी चाहिए और अस्पताल एवं सिक्योरिटी विभाग के सभी कर्मचारियों को यूनिफॉर्म जल्द मिलना चाहिए.
10. कंपनी द्वारा नए अलॉट हुए क्वार्टरों में जिस तरीके से मेंटेनेंस करके कंपनी को हैंडओवर करना है, वह सही तरीके से काम नहीं हो रहा है. कंपनी क्वार्टर में पानी की टंकी की व्यवस्था भी प्रबंधन को करनी चाहिए.
11. एनएस 9 के बाद एनएस 12 तक के ग्रेड को बढ़ाना चाहिए.
12. ग्रेड नहीं होने के कारण प्रबंधन के पास मजदूरों का पैसा रुका हुआ है, उसे एडवांस एरियर और इंटरेस्ट के साथ देना चाहिए .
13. प्लांट में कर्मचारी कैंटीन भी नहीं जा पा रहे हैं और छुट्टी भी नहीं मिल रही है.

