
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील में अब आंतरिक रिक्तियों के विरुद्ध चयनित कर्मचारी दूसरे लोकेशन पर भी भेजे जाएंगे. चयनित कर्मचारियों का एक पैनल बनेगा. यह पैनल छह माह के लिए वैध होगा. इसी पैनल के आधार पर कर्मी दूसरे लोकेशन पर भेजे जाएंगे. इसकी शुरुआत टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष के विभाग लाइम प्लांट से की जा रही है. लाइम प्लांट में सहायक इंजीनियर के लिए आंतरिक बहाली निकली है. इस बहाली के लिए जारी नोटिस में यह स्पष्ट किया गया है.
रिक्तियों को भरने के लिए उपयुक्त एक चयन कमेटी बनेगी. यह कमेटी उस पद के लिए आवेदन करनेवाले उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग करेगी. इस शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों का पैनल बनेगा. दूसरे लोकेशन पर उसी ग्रेड का पद रिक्त होने पर उसे उस पैनल से ही भरा जाएगा. यानी लाइम प्लांट में ब्लॉक-4 के लिए चार उम्मीदवारों का पैनल बना है. अगर कलिंगानगर में ब्लॉक-4 ग्रेड के लिए रिक्ति है तो उसे लाइम प्लांट में तैयार पैनल के कर्मचारी से भरा जाएगा.
जबकि पहले टाटा स्टील जमशेदपुर प्लांट में ही आंतरिक रिक्ति को चयनित कर्मचारियों से भरा जाता था. इस नये प्रावधान के लागू होने से यह संभावना बन रही है कि कॉमन वेज स्ट्रक्चर समझौता के तहत करीब 3000 सरप्लस होनेवाले कर्मचारियों को भी पैनल बनाकर बाहर के लोकेशनों पर तो नहीं भेजा जाएगा?

