उदित वाणी, बहरागोड़ा: प्रखंड क्षेत्र की मानुषमुड़िया पंचायत अंतर्गत आने वाले कालाबांध तालाब से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। कल शाम दैनिक काम खत्म करने के बाद तालाब में नहाने गए 58 वर्षीय राजमिस्त्री सापू इस्लाम की आसमानी बिजली (ठनका) की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रकृति का कहर ऐसा टूटा कि जैसे ही उन्होंने तालाब में पैर रखा, वह काल के गाल में समा गए।
पिछले 15 वर्षों से मानुषमुड़िया में रह रहा था परिवार
मृतक सापू इस्लाम मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रहने वाले थे। वह पिछले 15 वर्षों से मानुषमुड़िया में अपने पूरे परिवार के साथ रह रहे थे और यहाँ राजमिस्त्री का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह स्थानीय स्तर पर काफी मिलनसार व्यक्ति माने जाते थे।
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़, पार्थिव शरीर लेकर मुर्शिदाबाद रवाना
इस अचानक हुए वज्रपात के कारण मृतक के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सापू इस्लाम की अचानक मौत से पूरा इलाका गहरे शोक में डूबा हुआ है। आज सुबह रोते-बिलखते परिजन उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) लेकर रवाना हो गए।


