
उदित वाणी, सरायकेला–खरसावाँ : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश तथा जिला उत्पाद अधीक्षक सौरभ तिवारी के नेतृत्व में मंगलवार को नीमडीह थाना क्षेत्र के बाडेदा, डुमरहीह और सम्मानपुर गांवों में अवैध शराब के निर्माण व बिक्री के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाया गया.
अभियान के दौरान कुल पाँच अवैध शराब अड्डों का उद्भेदन किया गया. टीम ने मौके से लगभग 1700 किलोग्राम जावा महुआ को विधिवत नष्ट कर दिया तथा 100 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की. प्रशासनिक टीम की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही.
जिला उत्पाद विभाग ने बताया कि संबंधित अड्डा संचालकों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. छापेमारी के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के मामले में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई है. इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जाएगा.
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या उत्पाद विभाग को उपलब्ध कराएं, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके और इस कुरीति पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके.

