
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ द्वारा व्यवसाय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) और आंतरिक वित्तीय नियंत्रण की भूमिका एवं उसके प्रभाव पर 18 दिसंबर 2025, गुरुवार को चैम्बर भवन में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की जाएगी. यह जानकारी चैम्बर के मानद महासचिव श्री पुनीत कांवटिया ने दी.
कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में प्राइस वाटरहाउस एलएलपी के पार्टनर श्री गौरव बर्द्धन, निदेशक श्री अंशुमन झुनझुनवाला तथा टेक सॉल्यूशन प्रा. लि. की संस्थापक निदेशक श्रीमती श्रद्धा अग्रवाल शामिल होंगी. ये विशेषज्ञ व्यवसाय में ए.आई. के व्यावहारिक उपयोग, जोखिम प्रबंधन, आंतरिक वित्तीय नियंत्रण प्रणाली को मजबूत करने और पारदर्शी वित्तीय प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन देंगे.
चैम्बर अध्यक्ष श्री मानव केडिया ने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का महत्व जीवन और व्यवसाय के हर क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहा है. ए.आई. को अपनाए बिना प्रतिस्पर्धा में बने रहना कठिन होता जा रहा है. ऑनलाइन व्यापार के बढ़ते प्रभाव ने परंपरागत स्थानीय व्यापारियों के सामने नई चुनौतियाँ खड़ी कर दी हैं, ऐसे में ए.आई. आधारित समाधान, डेटा विश्लेषण और बेहतर वित्तीय नियंत्रण आज की प्राथमिक आवश्यकता बन गए हैं.
श्री केडिया ने कहा कि सिंहभूम चैम्बर लगातार प्रयास कर रहा है कि परंपरागत स्थानीय व्यापारी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और बड़े कॉरपोरेट घरानों के समकक्ष खड़े हो सकें. इसके लिए तकनीक का प्रभावी उपयोग और आंतरिक वित्तीय प्रबंधन को सुदृढ़ करना अत्यंत आवश्यक है. कार्यशाला में ए.आई. की उभरती तकनीकों, ऑटोमेशन, फ्रॉड प्रिवेंशन, कंप्लायंस और प्रभावी इंटरनल कंट्रोल सिस्टम के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी, ताकि व्यापारी अपने व्यवसाय को अधिक सुचारू, पारदर्शी और प्रगतिशील बना सकें.
अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि यह कार्यशाला चैम्बर सदस्यों के साथ-साथ छोटे एवं परंपरागत स्थानीय व्यापारियों के लिए भी अत्यंत लाभदायक सिद्ध होगी. उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएँ और अपने व्यवसाय को भविष्य के अनुरूप तैयार करने की दिशा में सार्थक कदम बढ़ाएँ.

