
उदित वाणी, पटमदा : टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर मंगलवार की देर रात को जलडहर गांव के पास केले से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर मंडी से केला लेकर ट्रक चालक अकेले ही पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जा रहा था.
देर रात लगभग 1 बजे बामनी के एक होटल में भोजन करने के बाद जैसे ही चालक वहां से रवाना हुआ, करीब एक किलोमीटर दूर जाकर ट्रक जलडहर गांव के पास सड़क किनारे एक खेत में पलट गया. इस हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उसे सुरक्षित ट्रक से बाहर निकाल लिया गया.
घटना की सूचना पाकर पटमदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बुधवार सुबह माल की सुरक्षा के लिए एक चौकीदार तैनात कर दिया, जिससे घटनास्थल से माल लुटने की किसी भी आशंका को टाल दिया गया.
हादसे के बाद बुधवार दोपहर तक ट्रक और उसमें लदा केला घटनास्थल पर ही पड़ा हुआ था. बताया जाता है कि ट्रक चालक को नींद की झपकी आने की वजह से यह दुर्घटना हुई है.

