
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के खूंटाडीह स्थित कलिंगा दुर्गा पूजा पंडाल में बुधवार यानी नवमी की देर रात कुछ उपद्रवियों ने नशे की हालत में जमकर उत्पात मचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शराब के नशे में धुत युवकों ने अचानक पंडाल के बाहर खड़ी कई गाड़ियों पर पथराव शुरू कर दिया। देखते ही देखते कई कारों के शीशे चकनाचूर हो गए और वहां अफरातफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना में खूंटाडीह के ही सूरज गोराई और सुमित उर्फ कल्लू समेत उनके अन्य साथी शामिल थे। आरोप है कि ये युवक अक्सर नशे की हालत में असामाजिक गतिविधियों को अंजाम देते हैं। इलाके के लोगों का यह भी कहना है कि सूरज गोराई और उसके साथी पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पंडाल परिसर और आसपास मौजूद लोगों से बातचीत कर जानकारी जुटाई। घटनास्थल से उपद्रवियों के भागने की भी खबर है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संदिग्ध युवकों की पहचान कर उन्हें जल्द हिरासत में लेने के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की है ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
त्योहारी माहौल में हुई इस घटना से पंडाल समिति और श्रद्धालुओं में आक्रोश है। समिति सदस्यों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की हरकतें न दोहराई जाएं।

