
उदित वाणी, जमशेदपुर : आज़ाद नगर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बार फिर छिनतई की घटना सामने आई। डिगनिटी के बगल की गली में आईसक्रीम बेचने वाले युवक से तीन बदमाशों ने 1500 रुपये नगद और एक रेडमी मोबाइल फोन छीन लिया।
पीड़ित ने बताया कि वह समता नगर से भुइयाडीह जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में तीन युवक अचानक सामने आकर पैसे और मोबाइल छीनकर भाग निकले। घटना के बाद पीड़ित ने शोर मचाया, जिस पर स्थानीय लोग मौके पर जुटे और टाइगर मोबाइल की टीम को सूचना दी।
स्थानीय युवकों की सूझबूझ और टाइगर मोबाइल की तत्परता से दो आरोपी—कलीम और जिलानी—को पकड़ लिया गया। दोनों को पुलिस थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, तीसरा आरोपी मौके से भागने में सफल हो गया।
आज़ाद नगर थाना प्रभारी ने बताया कि फरार युवक की तलाश तेज कर दी गई है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि कहीं उनके पीछे कोई और गैंग तो सक्रिय नहीं है। पुलिस ने कहा कि ऐसे वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए इलाके में गश्त और चौकसी और बढ़ाई जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बस्ती की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से वारदात के तुरंत बाद दो आरोपी पकड़े जा सके, जिससे पीड़ित को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।

