
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर एफसी ने डिफेंडर प्रतीक चौधरी और गोलकीपर अमृत गोप के कॉन्ट्रेक्ट विस्तार की घोषणा की है. दोनों खिलाड़ियों ने दो साल के नए कॉन्ट्रेक्ट पर साइन किए हैं, जिसके तहत वे 2027 तक मेन ऑफ स्टील के साथ बने रहेंगे.
प्रतीक 2018-19 सीजन के बाद 2022 में जमशेदपुर एफसी में दोबारा शामिल हुए थे. वह क्लब के बेहतरीन डिफेंडर्स में से एक रहे हैं. पिछले सीजन उन्होंने स्टीफन एज़े के साथ मिलकर एक मज़बूत साझेदारी बनाई थी और जमशेदपुर एफसी को इंडियन सुपर लीग के सेमीफाइनल और सुपर कप के फाइनल तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई थी. 35 वर्षीय प्रतीक ने अपने करियर में 137 से ज़्यादा आईएसएल मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने जमशेदपुर एफसी, केरला ब्लास्टर्स, दिल्ली डायनामोज, मुंबई सिटी एफसी और बेंगलुरु एफसी जैसे क्लबों का प्रतिनिधित्व किया है.

कॉन्ट्रेक्ट विस्तार पर साइन करने के बाद, प्रतीक ने जमशेदपुर में अपने सफर को जारी रखने पर खुशी ज़ाहिर की. उन्होंने कहा, “यह क्लब हमेशा मेरे दिल के करीब रहा है. 2022 में फर्नेस में वापसी करना घर लौटने जैसा लगा, और पिछले कुछ सीज़न बेहद खास रहे हैं. मुझे इस टीम का हिस्सा होने और इसके विकास में योगदान देने पर गर्व है. अपने कॉन्ट्रेक्ट के विस्तार का मतलब है कि मैं प्रशंसकों और शहर के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देना जारी रख सकता हूं.”
जेएसए प्रीमियर डिवीजन से क्लब के रिज़र्व तक पहुंचे जमशेदपुर में जन्मे गोलकीपर अमृत गोप ने भी अपना भविष्य मेन ऑफ स्टील के लिए समर्पित कर दिया. टीआरएयू एफसी और बेंगलुरु एफसी के साथ अनुभव प्राप्त करने के बाद, अमृत दो साल पहले अपने होमटाउन क्लब में लौट आए. डूरंड कप में उनके हालिया प्रदर्शन ने गोलकीपरों के बीच उनके आत्मविश्वास भरे प्रदर्शन के लिए उनकी प्रशंसा बटोरी, जहाँ उन्हें पहली पसंद के गोलकीपर के रूप में नियुक्त किया गया था.
अमृत ने कहा कि उन्हें उस टीम के साथ बने रहने पर गर्व है जिसके साथ वे बचपन से जुड़े रहे हैं. “अपने शहर में अपने लोगों के सामने खेलना बहुत अच्छा लगता है. मैं कॉन्ट्रेक्ट के विस्तार पर बहुत खुश हूं. मेरे लिए, यह जर्सी पहनना सम्मान की बात है, और मैं हर दिन विकास और बेहतरी जारी रखना चाहता हूं.”
जमशेदपुर एफसी के मुख्य कोच स्टीव डायस ने कॉन्ट्रेक्ट विस्तार का स्वागत किया और दोनों खिलाड़ियों के टीम में योगदान को याद दिलाया. उन्होंने कहा, “प्रतीक हमारी डिफेंस के लिए एक मज़बूत स्तंभ रहे हैं और मैदान पर उनका नेतृत्व हमारे लिए महत्वपूर्ण है. दूसरी ओर अमृत ने, खासकर डूरंड कप में, ज़बरदस्त क्षमता और आत्मविश्वास दिखाया है. इन दोनों को बनाए रखने से यह सुनिश्चित होता है कि हम भविष्य के लिए तैयारी करते हुए अनुभव और स्थानीय प्रतिभा का सही संतुलन बनाए रखें.”

