
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है. सोमवार देर रात गोलमुरी थाना क्षेत्र में स्विगी डिलीवरी एजेंट पर बाइक सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला कर मोबाइल और नकदी लूट ली. घटना रात करीब 2:30 बजे की है जब जेम्को गुरुद्वारा बस्ती निवासी 27 वर्षीय रौशन कुमार गाढ़ाबासा से ऑर्डर डिलीवर कर अपने घर लौट रहे थे.
इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोका और मोबाइल छीनने का प्रयास किया. असफल होने पर एक युवक ने आंखों में जलनकारी स्प्रे कर दिया और शराब की बोतल से सिर पर वार कर घायल कर दिया. इसके बाद आरोपियों ने अपने साथियों को बुला लिया और करीब 8-10 युवकों ने मिलकर रौशन की पिटाई कर दी. बेहोश होने पर बदमाश उनका मोबाइल और करीब 1200 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए.
पीड़ित ने बताया कि सभी बदमाश बाइक की नंबर प्लेट को कपड़े से ढके हुए थे ताकि पहचान न हो सके. हमले के बाद रौशन कुछ देर तक सड़क पर बेसुध पड़े रहे. सूचना मिलते ही गोलमुरी पुलिस की पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और घायल को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों के अनुसार, सिर में गंभीर चोटें आई हैं.
घायल रौशन ने गोलमुरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

