
उदित वाणी, जमशेदपुर: 27 अगस्त, बुधवार को जमशेदपुर के बिड़ला मंदिर (लक्ष्मी नारायण मंदिर) में विशेष पूजा का आयोजन किया जाएगा। इस दिन विघ्नहर्ता गणेश की पूजा सुबह 8 बजे से शुरू होगी। पूजा और आरती के बाद प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।
मंदिर से जुड़े समाजसेवी और उद्योगपति अशोक गोयल और आशुतोष राय ने बताया कि इस पूजा के यजमान पश्चिमी जमशेदपुर के विधायक सरयू राय होंगे। पूजा का आयोजन विद्वान आचार्य विनोद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में किया जाएगा। पूजा की शुरुआत गणेश जी के पूजन से होगी, इसके बाद विष्णु जी के चक्र का पूजन किया जाएगा।
चक्र पूजा के बाद उसे बांस के सहारे मंदिर के शिखर पर स्थापित किया जाएगा। इस प्रक्रिया में लगभग दो दिन का समय लगेगा। विधायक सरयू राय ने अपने एक्स हैंडल पर बताया कि मंदिर के जीर्णोद्धार के तहत नवनिर्मित शिखर को सजाने के लिए 131 किलोग्राम वजन का पीतल धातु से निर्मित विष्णु चक्र ओडिशा से बनकर आ चुका है। पूजा के बाद इसे मंदिर के शिखर पर स्थापित किया जाएगा, जो मंदिर की संरचना का अभिन्न हिस्सा बनेगा।

