
उदित वाणी, जमशेदपुर :- भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सातवीं पुण्यतिथि पर शनिवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर ने साकची स्थित जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं हजारीबाग के पूर्व सांसद डॉ. यदुनाथ पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘अटल बिहारी वाजपेयी अमर रहें’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से वातावरण गूंजा दिया।
डॉ. पांडेय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्र के लिए पूर्णतः समर्पित था। 1977 में विदेश मंत्री रहते हुए उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में पहली बार हिंदी में भाषण देकर हिंदी को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाई। उनकी कार्यशैली सरल और सिद्धांतनिष्ठ रही, और उन्होंने कभी अपने मूल विचारों से समझौता नहीं किया। उन्होंने बताया कि 24 दलों के सहयोग से बनी वाजपेयी सरकार ने देश में सर्वांगीण विकास को गति दी। 1998 में उनके नेतृत्व में भारत ने सफल परमाणु परीक्षण किया, जिससे देश आत्मनिर्भरता की दिशा में और मजबूत हुआ।
भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेता विरले ही जन्म लेते हैं। भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा तक के सफर में उन्होंने पार्टी को एक छोटे पौधे से विशाल वटवृक्ष में बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में उनका योगदान अमूल्य है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य का गठन भी अटल जी की दूरदृष्टि और अटल संकल्प का परिणाम है।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, अभय सिंह, डॉ. राजीव, नीरज सिंह, मिथिलेश सिंह यादव, बबुआ सिंह, अनिल मोदी, विजय तिवारी, मिली दास, कृष्णा शर्मा काली, सुबोध झा, प्रेम झा, अखिल सिंह, बिनोद राय, संजीत चौरसिया, राजीव सिंह, श्वेता कुमारी, राकेश दुबे, मधुमाला समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

