
बहरागोड़ा : प्रखंड के साकरा पंचायत स्थित साकरा के केनरा बैंक में मंगलवार दोपहर लगभग 1:45 बजे अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े डकैती की घटना को अंजाम दिया। हथियारबंद लुटेरों ने बैंक में घुसकर देशी कट्टा और धारदार हथियार दिखाते हुए कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया तथा करीब 15 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना में लगभग पांच से छह अपराधी शामिल थे। सभी लुटेरे बैंक में घुसने के बाद कर्मचारियों और ग्राहकों को धमकाकर एक जगह बैठा दिया और बैंक के बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल बहरागोड़ा थाना को खबर दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और बैंक का ताला काटकर अंदर बंद कर्मचारियों व ग्राहकों को बाहर निकाला।
इस संबंध में बैंक प्रबंधक नानाजी राव ने बताया कि तीन से चार अपराधी बैंक के अंदर घुसे और देशी कट्टा तथा कटारी दिखाकर लॉकर खोलने की मांग करने लगे। अपराधियों ने बैंक से लगभग 15 लाख रुपये लूट लिए। उन्होंने सोने की भी मांग की, लेकिन जब सोना नहीं मिला तो सहायक प्रबंधक सौरभ वर्मा के गले से सोने की चेन और अंगूठी छीन ली। इसके अलावा बैंक में मौजूद सभी कर्मचारियों और ग्राहकों के मोबाइल फोन भी लूटकर अपराधी फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है।

