
उदित वाणी, चांडिल: सरायकेला-खरसवां जिले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे एंटी क्राइम वाहन चेकिंग अभियान ने एक बार फिर अवैध कारोबारियों की नींद उड़ा दी है। जिले भर में सतर्कता और सख्ती के माहौल के बीच चांडिल थाना क्षेत्र में पुलिस की लगातार सक्रियता अवैध गतिविधियों में लिप्त तत्वों के लिए सिरदर्द बनती जा रही है। गुरुवार को चांडिल थाना प्रभारी डिल्सन बिरुआ के नेतृत्व में चलाए गए सघन वाहन जांच अभियान के दौरान कांदरबेड़ा चौक पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। हर आने-जाने वाले वाहन को बारीकी से जांचा गया, जिससे संदिग्धों में खलबली मच गई। कई वाहन चालक रूट बदलते देखे गए, तो कई ने वाहन खड़ा कर मौके से खिसकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्क निगाहों से कोई बच नहीं सका। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने स्पष्ट शब्दों में अवैध कारोबारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गैर-कानूनी गतिविधि को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून को चुनौती देने वालों पर अब सख्त कार्रवाई तय है। थाना प्रभारी ने बताया कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से चलता रहेगा और अपराध पर जमकर नकेल कसी जाएगी। आम जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
यह सघन अभियान न सिर्फ अवैध कारोबारियों के लिए एक सीधी चेतावनी है, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा भी और मजबूत करता है।

