
उदित वाणी, सरायकेला-खरसावां: सावन के महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन को निकले श्रद्धालुओं की यात्रा मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बदल गई . ओडिशा से देवघर जा रही एक कार चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के नीमडीह थाना अंतर्गत पितकी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई . हादसा सुबह करीब 5 बजे एनएच-32 पर हुआ . टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया .
हादसे में कार चला रहे संजय मिहिर (38) की मौके पर ही मौत हो गई . वह ओडिशा के बरगढ़ जिले के बरबली थाना क्षेत्र के निवासी थे . कार में सवार अन्य तीन श्रद्धालु – संजीव साहू (38) , रोहित मिहिर (45) और राजीव महाकुड़ (44) गंभीर रूप से घायल हो गए . तीनों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से चांडिल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया . अस्पताल सूत्रों के अनुसार रोहित मिहिर की स्थिति नाजुक बनी हुई है .
घटना की जानकारी मिलते ही नीमडीह और चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची . पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है . वहीं ट्रक चालक घटनास्थल से फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है .
स्थानीय लोगों के अनुसार कार में सवार सभी श्रद्धालु ओडिशा के रहने वाले हैं और सावन की पहली सोमवारी पर बाबा धाम में जल अर्पण करने जा रहे थे . हादसे के बाद गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है .
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें . विशेषकर लंबी दूरी की धार्मिक यात्राओं में सतर्कता बरतना आवश्यक है .

