
जमशेदपुर: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के द्वितीय चरण स्थित JMT ऑटो लिमिटेड के पुराने कर्मचारियों ने गुरुवार को एक बार फिर कंपनी के प्लांट-02 गेट के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मजदूरों ने बकाया वेतन, नौकरी में पुनर्नियुक्ति और फाइनल सेटलमेंट की मांग को लेकर घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की।
गौरतलब है कि वर्तमान में जेएमटी प्लांट-02 का अधिग्रहण रामकृष्ण फोर्जिंग लिमिटेड (आरकेएफएल) द्वारा किया गया है। अधिग्रहण के बाद से यह प्लांट बंद पड़ा है और इसमें कार्यरत कई पुराने मजदूरों को अब तक काम पर वापस नहीं लिया गया है। इसके साथ ही उनका फाइनल सेटलमेंट भी लंबित है।
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने बताया कि अधिग्रहण के समय प्रबंधन द्वारा आश्वासन दिया गया था कि जेएमटी के सभी पुराने मजदूरों को आरकेएफएल में दोबारा रोजगार दिया जाएगा और उनका सेटलमेंट भी पूरा किया जाएगा। लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी मिली और न ही बकाया भुगतान किया गया।
इससे पहले भी मजदूरों ने जेएमटी और आरकेएफएल प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन किया था, परंतु अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
मजदूर यूनियनों ने भी प्रबंधन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा है कि यदि पुरानी सेवाओं का सम्मान नहीं किया गया और फाइनल सेटलमेंट नहीं हुआ, तो वे कानूनी लड़ाई के लिए भी तैयार हैं।

