
उदित वाणी जमशेदपुर : पूर्वी सिहंभूम में चार चरणों में पंचायत चुनाव हो रहे हैं. पहले चरण का मतदान 14 मई को हो चुका है अब दूसरे चरण के लिए चुनाव का शोर चरम पर है. आज रविवार होने की वजह से प्रत्याशियों ने पूरा जोर लगाते हुए गांव-गांव प्रचार किया. तो वहीं तीसरे चरण का चुनावी शोर भी अब तेज हो गया है. तीसरे चरण में जिला परिषद की सात सीटें हैं. इनमें बोड़ाम की एक, पटमदा की दो और पोटका की चार सीटें शामिल हैं. तीसरे चरण में सात सीटों से कुल 42 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. इनमें बोड़ाम क्षेत्र संख्या-01 से पांच, पटमदा-02 से आठ, पटमदा-3 से छह, पोटका-11 व 12 से नौ-नौ, पोटका 13 से दो जबकि 14 से तीन उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं. इसमें किसी को एयरकंडीशनर मिला तो किसी को चूंडियां चिन्ह के रूप में प्रदान किया. अब इन चुनाव चिन्ह को लेकर प्रत्याशी चुनाव प्रचार कर सकेंगे. चुनाव प्रचार का कार्य भी सोमवार से प्रारंभ हो गया.
कहीं खोजे मिल नहीं रहे थे प्रत्याशी तो कहीं भाई-भाई का दिखा प्यार
जमशेदपुर प्रखंड के दो पंचायत समिति सदस्य के लिए खोजने के बाद प्रत्याशी मिला जिसमें से एक ने नामांकन किया और दूसरे का नामांकन नहीं हो सका. अनुमंडल मुख्यालय में छानबीन करने पर पता चला कि पूर्वी कीताडीह और उत्तर पश्चिम गदरा से किसी ने नामांकन पत्र नहीं लिया था जिसके बाद अंचल से राजस्वकर्मी को प्रत्याशी खोजने के लिए लगाया गया. पूर्वी कीताडीह से सहमति के बाद देवाशीष मुंडा ने नामांकन किया. उत्तर-पश्चिम से एक प्रत्याशी ने नामांकन पत्र लिया, लेकिन समय पार कर जाने से नामांकन नहीं हो सका. पटमदा : भाई ने भाई के लिए नाम वापस लिया. पटमदा-2 से जिला परिषद सदस्य के लिए नामांकन करने वाले शिव शंकर महतो ने शुक्रवार को नाम वापस ले लिया. शिव शंकर और गौरीशंकर महतो सगे भाई हैं. दोनों भाइयों ने नामांकन किया था. गौरीशंकर महतो की पत्नी भी बंगाल से चुनाव लड़ चुकी हैं. पहले दिन एक नाम वापस लेने के बाद पटमदा-2 से जिला परिषद सदस्य के आठ प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गये हैं.
पहला चरण पूरा अब शेष तीन की बारी
पहले चरण के शांतिपूर्ण मतदान के बाद प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है. शेष बचे प्रखंडों में मतदाता सूची और नामांकन पत्र समेत सभी आवश्यक फार्म-कागजात पहले ही उपलब्ध करा दिए गए हैं. पहले चरण में घाटशिला के 22, मुसाबनी के 19, डुमरिया के 10 और गुड़ाबांधा के आठ पंचायतों में चुनाव हो चुका है. इसी प्रकार दूसरे चरण में चाकुलिया के 19, बहरागोड़ा के 26 व धालभूमगढ़ के 11, तीसरे चरण में बोड़ाम के 12, पटमदा के 15 व पोटका के 34 पंचायत और जमशेदपुर प्रखंड के 55 पंचायत में चुनाव कराने की तैयारी है। पहले चरण में कुल 59 पंचायत के 682 मतदान केंद्र पर चुनाव हुए. वहीं जिले के 231 पंचायतों में चुनाव हो रहा है. पूरे जिले में चार वज्रगृह व मतगणना स्थल बनाए गए हैं, जो जगदीश चंद्र बोस स्कूल, घाटशिला, घाटशिला कालेज, घाटशिला, जमशेदपुर को-आपरेटिव कालेज, जमशेदपुर व बाजार समिति, परसुडीह में हैं.
