
उदित वाणी, जमशेदपुर : भारत की प्रमुख निर्माण सामग्री कंपनी न्यूवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड ने गुरुवार को वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2025) के वित्तीय परिणामों की घोषणा की है. इस तिमाही में कंपनी ने 533 करोड़ रुपये का अब तक का सर्वाधिक कंसोलिडेटेड एबिटिडा हासिल किया है. कंपनी की कंसोलिडेटेड सीमेंट बिक्री वॉल्यूम 5.1 मिलियन मीट्रिक टन रही, जो साल-दर-साल 6 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है. कुल परिचालन आय 9 प्रतिशत बढ़कर 2,873 करोड़ रुपये हो गई. वडराज सीमेंट लिमिटेड के अधिग्रहण के सफल समापन से कंपनी की उत्पादन क्षमता वित्त वर्ष 2027 की तीसरी तिमाही तक 31 एमएमटीपीए हो जाएगी, जिससे न्यूवोको भारत की पांचवीं सबसे बड़ी सीमेंट निर्माता कंपनी बनी रहेगी.
प्रीमियम उत्पादों की हिस्सेदारी बढ़ी
कंपनी ने अपने डीलीवरेजिंग एजेंडे के तहत शुद्ध ऋण को 884 करोड़ रुपए घटाकर 3,474 करोड़ रुपए कर दिया है. प्रीमियम उत्पादों की हिस्सेदारी बढ़कर 41 प्रतिशत हो गई है जबकि 76 प्रतिशत का मजबूत बिजनेस मिक्स भी हासिल हुआ है जो पिछली 13 तिमाहियों में सबसे अधिक है. सस्टेनेबिलिटी के क्षेत्र में न्यूवोको सबसे कम कार्बन उत्सर्जन करने वाली कंपनियों में बनी हुई है. प्रति टन सीमेंट उत्पादन में कार्बन उत्सर्जन वित्त वर्ष 2024 के 457 किलोग्राम से घटकर 453.8 किलोग्राम रह गया है. इस संबंध में कंपनी के एमडी जयकुमार कृष्णास्वामी ने कहा कि हमने प्रीमियमाइजेशन, बेहतर बिजनेस मिक्स और लागत दक्षता के बल पर इस तिमाही में बेहतरीन प्रदर्शन किया है. वडराज अधिग्रहण के बाद हम पश्चिम भारत में अपनी उपस्थिति को मजबूत करने के लिए तैयार हैं.
