
उदित वाणी, जमशेदपुर : छायानगर निवासी कुख्यात अपराधी टकलू लोहार की हत्या के मामले में नामजद अभियुक्त रह चुका समीर जैना हाल ही में जेल से रिहा होकर मार्च 2025 में बाहर आया है. मंगलवार देर रात एक बार फिर इस हत्या से जुड़ा विवाद उभर कर सामने आया जब मृतक टकलू लोहार का 14 वर्षीय पुत्र प्रिंस लोहार अपने एक दोस्त के साथ समीर जैना के घर के बाहर पहुंचा और गली गलौज करने लगा.
घटना रात करीब 11 बजे की है. बताया जाता है कि प्रिंस लोहार द्वारा गाली गलौज किए जाने के बाद टकलू लोहार की पत्नी ऋतु लोहार भी समीर जैना के घर पहुंच गई और जमकर बवाल करने लगी. ऋतु लोहार का आरोप है कि इसी दौरान समीर जैना ने घर से बाहर आकर जान मारने की नीयत से फायरिंग की. हालाँकि, इस कथित फायरिंग में किसी को भी गोली नहीं लगी है और ना ही मौके से पुलिस को कोई खोखा बरामद हुआ है.
सूचना पाकर सीतारामडेरा थाना पुलिस रात में ही घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जांच की. स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई और घटनास्थल की तलाशी भी ली गई, लेकिन कोई गोली चलने के प्रमाण नहीं मिले. पुलिस ने ऋतु लोहार से लिखित आवेदन लिया है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
थाना प्रभारी ने बताया कि “फायरिंग की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी, लेकिन कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है और किसी के घायल होने की पुष्टि भी नहीं हुई है. प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया आवेदन के अनुसार चल रही है, तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी.”
घटना के बाद छायानगर में एक बार फिर से तनाव का माहौल बन गया है. आसपास के लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो. पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है और यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग का आरोप सच्चा है या यह आपसी रंजिश में लगाया गया झूठा आरोप है.
पुलिस सूत्रों का कहना है कि ऋतु लोहार के आवेदन की कानूनी समीक्षा के बाद आवश्यकता अनुसार समीर जैना से पूछताछ की जाएगी. वहीं, घटना के संबंध में समीर जैना की ओर से फिलहाल कोई बयान नहीं आया है.

