
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन की फाइनांस कमेटी की बैठक सोमवार 14 जुलाई को यूनियन सभागार में हुई. यूनियन का फंड जून तक करीब 44 करोड़ रुपए है. बैठक सुबह साढ़े दस बजे शुरु हुई जो करीब एक घंटे तक चली. बैठक में कोषाध्यक्ष आमोद दुबे ने पहले मार्च, अप्रैल तथा मई माह का अकाउंट्स पेश किया. उन्होंने जून माह का भी तैयार अकाउंट्स पेश करने की अनुमति मांगी जिसे अध्यक्ष की स्वीकृति के बाद पेश किया गया.
जून माह तक यूनियन का फंड लगभग 43 करोड़ 90 लाख रुपये तक पहुंच गया है. बैठक में यूनियन कमचारियों को दी जानेवाली लोन पर चर्चा हुई. कर्मचारियों को पीएफ तथा बिना ब्याज के एजुकेशन लोन दिया जाता है. पहले एजुकेशन लोन तीन लाख रुपये तक मिलता था, जिसे दो दिन पहले बढ़ाकर 6 लाख रुपये कर दिया गया. इस पर कुछ सदस्यों ने बिना ब्याज पर लोन देने पर आपत्ति जताई तथा लोन पर कुछ ब्याज लेने का प्रस्ताव दिया.
इस प्रस्ताव पर अध्यक्ष संजीव चौधरी, महासचिव सतीश सिंह तथा डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह आपस में बात कर निर्णय लेंगे. बैठक में मासिक चंदा पर चर्चा की गयी, जिसमें पाया गया कि सदस्यों की संख्या लगातार कम होने की वजह से प्रतिमाह चंदा आठ लाख रुपये से घटकर साढ़े सात लाख रुपए आ गया है. सामाजिक गतिविधियों पर हुई खर्च पर भी चर्चा की गयी. बैठक में सर्वसम्मति से चार माह के अकाउंट्स को पारित कर दिया गया जिसे कमेटी मीटिंग में पेश किया जाएगा.
