
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील में नये सिरे से मैनपावर तय करने के लिए अध्ययन किया जाएगा. इसे लेकर टाटा वर्कर्स यूनियन की ओर से कमेटी मेंबरों तथा पदाधिकारियों को बताया जा रहा है, जबकि कॉमन वेज स्ट्रक्चर समझौता में विभागवार व सेक्शनवाइज मैनपावर तय कर लिया गया है. जब पहले ही मैनपावर तय कर लिया गया है तब दोबारा मैनपावर तय करने के लिए अध्ययन कराने को लेकर कर्मचारियों के साथ कमेटी मेंबरों में दुविधा की स्थिति है. बताया जा रहा है कि कंपनी का पीएसडी विभाग सभी विभागों व सेक्शनों में मैनपावर को नये सिरे से तय करने के लिए अध्ययन करेगा. अध्ययन के बाद प्रस्ताव यूनियन को भेजा जाएगा. उन प्रस्तावों पर फिर प्रबंधन तथा यूनियन वार्ता कर मैनपावर तय करेगा.
उल्लेखनीय है कि टाटा स्टील में प्रबंधन तथा यूनियन के बीच हुई कॉमन वेज स्ट्रक्चर समझौते में 8275 मैनपावर तय किया जा चुका है. इस समझौते में किस डिपार्टमेंट तथा सेक्शन में कितने मैनपावर होंगे, तय है. हाल में ही फील्ड मेकनिकल मेंटनेंस में आरओ समझौता हुआ है. इस समझौते में बताया जा रहा है कि कॉमन वेज स्ट्रक्चर समझौता के आधार पर ही आरओ हुआ है, क्योंकि यहां इओआर 323 था, लेकिन समझौता 249 पर हुआ. आरओ में मैनपावर कम होने पर कर्मचारियों को एक अतिरिक्त इंक्रीमेंट का लाभ देने का प्रावधान रहा है. लेकिन यहां यह लाभ नहीं मिला. लेकिन यूनियन नेतृत्व यहां आरओ पर विभागीय कमेटी मेंबरों से हस्ताक्षर कराकर कॉमन वेज स्ट्रक्चर समझौता को लागू कराने में सफल रहा है.

