
उदित वाणी, जमशेदपुर: उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान ने गुड़ाबांदा प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया और योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की गहन समीक्षा की। उप विकास आयुक्त ने प्रखंड कार्यालय परिसर एवं संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया और योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण उपरांत प्रखंड सभागार में मनरेगा, आवास एवं अन्य विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
आवास योजनाओं की समीक्षा
उप विकास आयुक्त ने आवास योजनाओं की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि आवास निर्माण की प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने सभी लंबित आवासों का स्तरवार जियो टैगिंग सुनिश्चित करने पर बल दिया ताकि योजना की पारदर्शिता बनी रहे और वास्तविक लाभार्थियों को समय पर आवास उपलब्ध हो सके।
मनरेगा योजनाओं की समीक्षा
उप विकास आयुक्त ने मनरेगा के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से बागवानी योजनाओं में पीट डिगिंग, सिंचाई कूप निर्माण, तथा रिजेक्टेड ट्रांजैक्शनों के शीघ्र निस्तारण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में गति लाना आवश्यक है ताकि ग्रामीणों को समय पर रोजगार और परिसंपत्तियाँ प्राप्त हो सकें।
निगरानी और अनुश्रवण
उप विकास आयुक्त ने प्रखंड स्तर पर योजनाओं की निगरानी एवं फील्ड निरीक्षण की गति बढ़ाने का निर्देश दिया ताकि योजनाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन हो सके। उन्होंने अधिकारियों से नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण की बात कही और लक्ष्य आधारित कार्य संस्कृति अपनाने पर बल दिया।

