
- जमशेदपुर ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग को रेल एसपी का भी जिम्मा
उदित वाणी, जमशेदपुर : राज्य सरकार ने झारखंड पुलिस प्रशासनिक ढांचे में आंशिक फेरबदल करते हुए सोमवार को आठ आईपीएस अधिकारियों को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के तहत यह परिवर्तन तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
जमशेदपुर को मिला नया रेल एसपी, ऋषभ गर्ग को अतिरिक्त जिम्मेदारी
जमशेदपुर के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) ऋषभ गर्ग को अब टाटानगर रेल एसपी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में टाटानगर रेल एसपी के पद पर तैनात प्रवीण पुष्कर को रांची का ग्रामीण एसपी बनाया गया था, जिसके पश्चात यह पद रिक्त चल रहा था। अब इस अहम जिम्मेदारी को ऋषभ गर्ग संभालेंगे। वह पहले से ही जिले के ग्रामीण क्षेत्र की कानून-व्यवस्था संभाल रहे हैं।
धनबाद, चतरा, गोड्डा, गुमला, जामताड़ा में भी अतिरिक्त प्रभार
धनबाद सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव को अब धनबाद रेल एसपी का भी प्रभार सौंपा गया है। वहीं, धनबाद ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी को झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप)-3 का कमांडेंट बनाया गया है।
चतरा एसपी सुमित अग्रवाल को इंडिया रिजर्व बटालियन (IRB)-3 का कमांडेंट बनाया गया है, जबकि गोड्डा एसपी मुकेश कुमार को IRB-8 का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
गुमला के एसपी हरीश बिन जमां को IRB-5 का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। जामताड़ा एसपी राजकुमार मेहता को IRB-1 का कमांडेंट नियुक्त किया गया है।

