
उदित वाणी, सरायकेला: कांड्रा में हाल ही में जिला परिषद निधि से सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है. यह सड़क स्थानीय निवासियों के लिए राहत लेकर आई है, लेकिन इसके साथ ही अब अन्य मूलभूत आवश्यकताओं की भी मांग तेज हो गई है. लोगों का कहना है कि सड़क तो बन गई, परंतु जल निकासी और रात्रि प्रकाश की व्यवस्था अब भी अधूरी है.
जलजमाव का खतरा: नाली निर्माण की मांग
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि बारिश के मौसम में सड़क पर जलजमाव की समस्या गंभीर हो जाती है. इसके कारण न केवल आवागमन बाधित होता है, बल्कि सड़क की गुणवत्ता भी प्रभावित होती है. नागरिकों की मांग है कि सड़क के किनारे नालियों का निर्माण और पुराने नालों की मरम्मत की जाए, ताकि पानी की सही निकासी हो सके.
अंधेरे में डूबी सड़क: स्ट्रीट लाइट की आवश्यकता
स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क पर रात के समय अंधेरा छा जाता है, जिससे राहगीरों और यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. लोगों ने प्रशासन से स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है ताकि रात्रि में सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित हो सके.
नागरिकों की अपील: अधूरा न रहे विकास
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक सड़क का निर्माण अपने आप में सराहनीय कदम है, लेकिन जब तक जल निकासी और प्रकाश की सुविधा नहीं होगी, तब तक विकास अधूरा माना जाएगा. उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से जल्द इन समस्याओं के समाधान की मांग की है.

