
उदित वाणी आदित्यपुर(का.प्र.): झारखंड युवा मोर्चा (झायुमो), सरायकेला खरसावां के जिलाध्यक्ष भुगलु सोरेन उर्फ डब्बा मांझी ने झामुमो के टिकट पर सरायकेला विधान सभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की दावेदारी पार्टी की केंद्रीय कमिटी से की है. उन्होंने झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ शुभेंदु महतो के समक्ष लिखित रुप से अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है. वहीं, आज ईमली चौक, आदित्यपुर स्थित झामुमो कार्यालय में आहूत पत्रकार वार्ता में भुगलु सोरेन ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के लोगों की जनभावनाओं का ख्याल रखते हुए यह निर्णय लिया हूं. उन्होंने बताया कि यहां की जनता ने जिसे नेता बनाया, उन्होंने यहां की जनता की जनभावना का भी ख्याल नहीं रखा. उन्होंने पूर्व सीएम चंपाई सोरेन पर निशाना साधने हुए कहा कि जिस नेता को हमलोगों ने शीर्ष तक पहुंचाया, वह नेता आज हमें ठग कर चले गए है. इसको लेकर पूरे विधानसभा क्षेत्र की जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है. हमारी लड़ाई विचारधारा की है, झारखंड अस्मिता की लड़ाई के लिए हम सभी कैडर दिशोम गुरु शिबू सोरेन और मुख्यमंत्री के साथ है. श्री सोरेन ने कहा कि चंपाई सोरेन ने 35 साल तक इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया. लेकिन आदित्यपुर जैसे शहरी क्षेत्र के लोग पानी के लिए तरस रहे हैं. दूसरी तरफ, हमारे मुख्यमंत्री माताओं और बहनों को ढाई हजार रुपया प्रतिमाह दे रहे है. 200 यूनिट बिजली मुफ्त दे रहे है. पूरे राज्य में विकास की गंगा बह रही है. इस अवसर पर गुरुचरण मुखी सोनामनी देवी, मो शेख हसन, मोहर्रम अली आदि उपस्थित थे.

