
उदित वाणी, रांची: राज्य सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के लिए बड़ी संख्या में डिप्लोमा स्तरीय जूनियर इंजीनियर व अन्य पदो के लिए बहाली प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
झारखंड कर्मचारी चयन सेवा आयोग [जेएसएससी] द्वारा इसके तहत विभिन्न विभागों के लिए जूनियर इंजीनियर डिप्लोमा स्तर के 1556 पदों पर नियमित व बैकलाॅग नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी कर दिया गया है. जिसमें नियमित नियुक्ति के जरिये 1545 व बैकलाॅग के 11 पद भरे जायेंगे.
जिसमें से सबसे ज्यादा जूनियर सिविल इंजीनियर के 1268 पदों पर बहाली की जायेगी. वहीं मैकेनिकल इंजीनियर के 107, इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के 50 व एग्रीकल्चर इंजीनियर के 11 पदों के अलावा मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर [एमभीआई] के 44, स्ट्रीट लाइट इंस्पेक्टर के 55 व पाइप लाइन इंस्पेक्टर के 16 पदों पर भी बहाली की जायेगी.
झारखंड डिप्लोमा स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 का यह विज्ञापन नई नियोजन नीति के तहत जारी किया गया है. इस नियोजन नीति में संशोधन करके राज्य से ही 10वीं व 12वीं की परीक्षा पास करने की बाध्यता को खत्म कर दिया गया है.
इच्छुक अभ्यर्थियों 25 मई से 24 जून ऑनलाइन आवेदन दे सकते हैं. वहीं 26 जून तक परीक्षा शुल्क का भुगतान किया जा सकता है. फोटो एवं सिग्नेचर भी अपलोड किया जा सकता है. इसके बाद 28 जून तक भरे हुए आवेदन की प्रिंटआउट लिया जा सकेगा. आवेदन में किसी तरह की गलती होने पर 29 जून से 1 जुलाई तक उसमें सुधार किया जा सकता है.
लेकिन अभ्यर्थियों द्वारा अपना नाम, जन्मतिथि, ईमेल और मोबाइल नंबर छोड़कर बदलाव किया जा सकता है. परीक्षा शुल्क 100 रुपये रखा गया है. लेकिन राज्य के अनुसूचित जनजाति व अनुसूचित जाति के अभ्यर्थियों को 50 रुपये ही देने होंगे तथा वैसे उम्मीदवार जो निशक्त हैं उन्हें परीक्षा शुल्क में छूट दी गई है.

